-
☰
उत्तर प्रदेश: उमा ज्वैलर्स में चोरी का खुलासा, 37.50 किलो चांदी के आभूषण हुए बरामद
- Photo by : social media
संक्षेप
उत्तर प्रदेश: शामली में पुलिस ने उमा ज्वैलर्स की दुकान में हुई चोरी की घटना का खुलासा करते हुए दो बाल अपचारियों को पुलिस अभिरक्षा में लिया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी किए गए 37.50 किलोग्राम सफेद धातु के आभूषण बरामद किए हैं।
विस्तार
उत्तर प्रदेश: शामली में पुलिस ने उमा ज्वैलर्स की दुकान में हुई चोरी की घटना का खुलासा करते हुए दो बाल अपचारियों को पुलिस अभिरक्षा में लिया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी किए गए 37.50 किलोग्राम सफेद धातु के आभूषण बरामद किए हैं। पुलिस के मुताबिक, यह चोरी 13 और 14 अक्टूबर 2026 की रात कोतवाली शामली क्षेत्र में नाले की पटरी स्थित उमा ज्वैलर्स की दुकान में हुई थी। अज्ञात चोर दुकान की छत तोड़कर अंदर घुसे थे और वहां से सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर ले गए थे। दुकान के मालिक दीपक वर्मा, पुत्र स्वर्गीय राजकुमार वर्मा, निवासी मोहल्ला गुजरातियान, शामली की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज किया था। घटना की जांच के दौरान कोतवाली शामली पुलिस ने एसओजी और सर्विलांस टीम के साथ संयुक्त कार्रवाई की। सोमवार, 19 अक्टूबर को पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए दो बाल अपचारियों को पुलिस अभिरक्षा में लिया। उनके पास से चोरी के आभूषण बरामद होने की जानकारी पुलिस ने दी है। पुलिस अधीक्षक शामली एनपी सिंह के अनुसार, मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।