-
☰
उत्तर प्रदेश: पुस्ता पार बिजली कनेक्शन को लेकर 28वें दिन धरना, शासन आदेश के बाद आंदोलनकारियों ने जताई खुशी
- Photo by : social media
संक्षेप
उत्तर प्रदेश: भारतीय किसान परिषद के नेतृत्व में पुस्ता पार क्षेत्र के लोगों को बिजली कनेक्शन दिलाने की मांग को लेकर चल रहा धरना प्रदर्शन 28वें दिन भी जारी रहा।
विस्तार
उत्तर प्रदेश: भारतीय किसान परिषद के नेतृत्व में पुस्ता पार क्षेत्र के लोगों को बिजली कनेक्शन दिलाने की मांग को लेकर चल रहा धरना प्रदर्शन 28वें दिन भी जारी रहा। इसी दौरान बिजली विभाग के अधिकारी वैभव मिश्रा, ExEn Technical और मोहित गोयल, ExEn Commercial धरना स्थल पर पहुंचे और आंदोलनकारियों से बातचीत की। अधिकारियों ने आंदोलनकारियों को बताया कि पुस्ता पार क्षेत्र के लोगों को बिजली कनेक्शन देने को लेकर शासन स्तर से आदेश जारी हो गया है। उन्होंने शासन आदेश की प्रति भी आंदोलनकारियों को उपलब्ध कराई। अधिकारियों ने कहा कि यह आंदोलनकारियों के प्रयास, एकजुटता और लंबे संघर्ष का परिणाम है। आंदोलनकारियों ने कहा कि बिजली कनेक्शन की मांग को लेकर बड़ी संख्या में महिलाओं ने भी धरने और अनशन में भाग लिया। उनका कहना है कि संघर्ष केवल बिजली कनेक्शन तक सीमित नहीं है, बल्कि पुस्ता पार क्षेत्र के लोगों को स्थायी और बेहतर सुविधाएं दिलाना भी उनकी प्रमुख मांग है। आंदोलनकारियों ने नारा दिया कि “लाइट तो बहाना है, हमें तो पुस्ता पार के लोगों को पक्का बनाना है।” धरना स्थल पर पुलिस-प्रशासन की ओर से ADCP मनीषा कुमारी (PCS), ACP प्रवीण कुमार (PCS) और ACP संचित शर्मा (IPS) भी मौजूद रहे। इस दौरान आंदोलन से जुड़े लोगों पर दर्ज मुकदमों को वापस लेने को लेकर भी सहमति बनने की बात सामने आई। कमेटी के सदस्यों ने इस फैसले पर अपनी सहमति जताई। आंदोलनकारियों ने कहा कि शासन आदेश के बावजूद जब तक क्षेत्र की प्रत्येक कॉलोनी तक बिजली कनेक्शन नहीं पहुंच जाता, तब तक उनका संघर्ष पूरी तरह समाप्त नहीं होगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि मांगों के क्रियान्वयन में किसी तरह की लापरवाही या धोखा हुआ तो वे दोबारा सड़क पर उतरने को मजबूर होंगे।आंदोलनकारियों ने आंदोलन को समर्थन देने वाले अखिल भारतीय किसान सभा, किसान एकता संघ, समाजवादी पार्टी, कांग्रेस पार्टी सहित विभिन्न किसान और सामाजिक संगठनों का आभार व्यक्त किया।