-
☰
उत्तर प्रदेश: पांवधोई नदी पर रिवर फ्रंट बनाने की महापौर ने उठाई मांग, बाढ़ बचाव और ग्रीन एनर्जी पर भी दिए सुझाव
- Photo by : social media
संक्षेप
उत्तर प्रदेश: सहारनपुर के महापौर डॉ. अजय कुमार सिंह ने शहर की पांवधोई नदी पर रिवर फ्रंट विकसित करने की आवश्यकता पर जोर दिया है। उन्होंने गुरुवार, 15 अक्टूबर को लखनऊ में आयोजित छठे राज्य वित्त आयोग की बैठक में सहारनपुर के विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों को उठाते हुए बाढ़ से बचाव, जल प्रबंधन, सौर ऊर्जा, ग्रीन एनर्जी और हरित पट्टी के विकास के लिए पर्याप्त धनराशि उपलब्ध कराने के सुझाव दिए।
विस्तार
उत्तर प्रदेश: सहारनपुर के महापौर डॉ. अजय कुमार सिंह ने शहर की पांवधोई नदी पर रिवर फ्रंट विकसित करने की आवश्यकता पर जोर दिया है। उन्होंने गुरुवार, 15 अक्टूबर को लखनऊ में आयोजित छठे राज्य वित्त आयोग की बैठक में सहारनपुर के विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों को उठाते हुए बाढ़ से बचाव, जल प्रबंधन, सौर ऊर्जा, ग्रीन एनर्जी और हरित पट्टी के विकास के लिए पर्याप्त धनराशि उपलब्ध कराने के सुझाव दिए। अपर मुख्य सचिव वित्त दीपक कुमार की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में ‘लिसनिंग टू सिटीज, सॉल्विंग अर्बन चैलेंज’ विषय पर अपने विचार रखते हुए महापौर ने कहा कि पांवधोई नदी सहारनपुर की जीवनरेखा है। नदी पर रिवर फ्रंट विकसित होने से उसका सौंदर्यीकरण होगा। साथ ही पर्यावरण संरक्षण, जनसुविधाओं और शहर के समग्र विकास को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने नदी और जल संसाधनों के बेहतर प्रबंधन पर भी सुझाव प्रस्तुत किए। महापौर ने बैठक में बाढ़ से बचाव के प्रभावी उपायों और उनके लिए वित्तीय संसाधन जुटाने की आवश्यकता पर भी चर्चा की। इसके अलावा शहर में शुद्ध वायु सुनिश्चित करने, सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने, ग्रीन एनर्जी के विस्तार और हरित पट्टी विकसित करने के लिए आवश्यक बजट उपलब्ध कराने का मुद्दा उठाया। बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल प्रदेश के वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने नगर निकायों की वित्तीय आवश्यकताओं, शहरी विकास की चुनौतियों और नागरिकों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक संसाधनों एवं व्यवस्थाओं पर मार्गदर्शन दिया। इस बैठक में विभिन्न नगर निगमों के महापौर, छठे राज्य वित्त आयोग के सदस्य आलोक दीक्षित और नील रतन सहित कई अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में शहरी चुनौतियों के समाधान और नगर निकायों की विकास संबंधी जरूरतों पर विचार-विमर्श किया गया।