-
☰
उत्तर प्रदेश: सहारनपुर जिला न्यायालय में सुभाष दत्त कपिल को भावभीनी विदाई, ईमानदारी और निष्ठा की हुई सराहना
- Photo by : social media
संक्षेप
उत्तर प्रदेश: सहारनपुर जिला एवं सत्र न्यायालय सहारनपुर में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी सुभाष दत्त कपिल के सरकारी सेवा से सेवानिवृत्त होने पर भावपूर्ण विदाई समारोह आयोजित किया गया।
विस्तार
उत्तर प्रदेश: सहारनपुर जिला एवं सत्र न्यायालय सहारनपुर में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी सुभाष दत्त कपिल के सरकारी सेवा से सेवानिवृत्त होने पर भावपूर्ण विदाई समारोह आयोजित किया गया। जिला जज सत्येंद्र कुमार सहित न्यायालय के अधिकारियों, कर्मचारियों और अन्य गणमान्य लोगों ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए उनके ईमानदार और निष्ठापूर्ण कार्यकाल की सराहना की। जिला जज सत्येंद्र कुमार ने सुभाष दत्त कपिल का माल्यार्पण कर स्वागत किया और उन्हें शॉल, सेवानिवृत्ति पत्र एवं स्मृति चिह्न भेंट किया। उन्होंने कहा कि कपिल ने 1 अप्रैल 1996 को सेवा ग्रहण की थी और 30 सितंबर 2026 तक अपनी जिम्मेदारियों का ईमानदारी एवं निष्ठा के साथ निर्वहन किया। उन्होंने कहा कि सेवानिवृत्ति के बाद भी कपिल न्यायालय परिवार की यादों में बने रहेंगे। जिला जज ने उनके आगामी जीवन के लिए मंगलकामनाएं दीं। इस अवसर पर अपर जिला जज विकास गुप्ता ने भी सुभाष दत्त कपिल का माल्यार्पण कर स्वागत किया और उन्हें उपहार भेंट किया। उन्होंने कहा कि कपिल ने न्यायालय परिवार के बीच लंबे समय तक सेवाएं दीं और उनके साथ बिताया समय यादगार रहा। उन्होंने उनके स्वस्थ एवं सुखद भविष्य की कामना की। जिला एवं सत्र न्यायालय के प्रभारी अधिकारी एवं अपर जिला जज मोहम्मद अहमद खान ने भी सेवानिवृत्त कर्मचारी को माल्यार्पण कर भावभीनी विदाई दी। उन्होंने कपिल की ईमानदारी, निष्ठा और कार्यशैली को न्यायालय स्टाफ के लिए प्रेरणास्रोत बताया। कार्यक्रम के दौरान मानवाधिकार इमरजेंसी हेल्पलाइन एसोसिएशन सहारनपुर मंडल के मंडल अध्यक्ष राकेश कुमार शर्मा एवं अन्य पदाधिकारियों ने भी सुभाष दत्त कपिल का माल्यार्पण कर स्वागत किया और एसोसिएशन का प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। विदाई समारोह के बाद सुभाष दत्त कपिल को बैंड-बाजों के साथ न्यायालय परिसर से उनके निवास तक ले जाया गया। वहां परिवार के सदस्यों और कॉलोनीवासियों ने उनका स्वागत किया। इस दौरान विश्वास कपिल, संजय कुमार शर्मा, मोहित कपिल, आकाश शर्मा, नितिन कपिल, एडवोकेट निशांत वशिष्ठ, प्रशांत कपिल, एडवोकेट पंकज पंडित, वंश कपिल, शताक्षी कपिल, अनीता कपिल, प्रिंस कपिल, संजय मौर्य, लक्षिता राठौड़, अभिषेक उपाध्याय, कमल सिंह, आनंद त्यागी, राकेश कुमार शर्मा सहित नजारत स्टाफ एवं अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।