-
☰
उत्तर प्रदेश: बालिकाओं का दमदार प्रदर्शन, फुटबॉल-बास्केटबॉल में फाइनल में जगह और नेटबॉल में जीता खिताब
- Photo by : social media
संक्षेप
उत्तर प्रदेश: बबराला जिला संभल बृहस्पतिवार दिनांक 8 अक्टूबर, राज्य स्तरीय डीएवी स्पोर्ट्स–2026 के पहले ही दिन मेजबान डी ए वी फर्टिलाइज़र पब्लिक स्कूल, बबराला की बालिका खिलाड़ियों ने खेल के मैदान पर अपने दमदार प्रदर्शन से जीत का परचम लहरा दिया।
विस्तार
उत्तर प्रदेश: बबराला जिला संभल बृहस्पतिवार दिनांक 8 अक्टूबर, राज्य स्तरीय डीएवी स्पोर्ट्स–2026 के पहले ही दिन मेजबान डी ए वी फर्टिलाइज़र पब्लिक स्कूल, बबराला की बालिका खिलाड़ियों ने खेल के मैदान पर अपने दमदार प्रदर्शन से जीत का परचम लहरा दिया। अंडर-17 फुटबॉल सेमीफाइनल में डी ए वी बबराला ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए डी ए वी मेरठ को 3–0 से पराजित कर फाइनल में प्रवेश किया। वहीं बास्केटबॉल में प्रयागराज को 21–0 से हराकर फाइनल में जगह बनाई, जबकि नेटबॉल अंडर-17 फाइनल में साहिबाबाद को 14–5 से पराजित कर मेजबान टीम ने खिताब अपने नाम कर लिया। तीन दिवसीय डी ए वी स्पोर्ट्स–2026 का शुभारंभ 8 अक्टूबर को विद्यालय के खेल मैदान में उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ। प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश के विभिन्न डी ए वी विद्यालयों से 806 बालिका खिलाड़ी, 50 महिला कोच एवं शिक्षिकाएँ तथा 40 पुरुष कोच एवं शिक्षक प्रतिभाग कर रहे हैं। अंडर-14, अंडर-17 एवं अंडर-19 आयु वर्गों में आयोजित यह प्रतियोगिता युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा और खेल कौशल दिखाने का बड़ा मंच प्रदान कर रही है। उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि श्री एम. एस. प्रसाद, वाइस प्रेसिडेंट, यारा फर्टिलाइजर्स इंडिया प्राइवेट लिमिटेड सहित सभी विशिष्ट अतिथियों का विद्यालय परिवार ने गरिमापूर्ण स्वागत किया। प्राचार्य एवं एआरओ श्री आनन्द स्वरूप सारस्वत ने अतिथियों को पुष्पगुच्छ भेंट कर अभिनंदन किया। समारोह में श्री प्रवेश कुमार, प्रधानाचार्य डीएवी बागपत एवं कार्यक्रम पर्यवेक्षक, डॉक्टर विनीत त्यागी, प्रधानाचार्य डीएवी हापुड़, श्री आशुतोष मिश्र, डीएवी एनयूपीपीएल कानपुर, श्री पंकज द्विवेदी, गेल डीएवी मॉडल स्कूल दिबियापुर, औरैया, श्री आशीष शर्मा, प्रमुख, डीएसएम शुगर मिल, रजपुरा तथा यारा फर्टिलाइजर्स के वरिष्ठ अधिकारीगण उपस्थित रहे। अपने संबोधन में प्राचार्य श्री आनन्द स्वरूप सारस्वत ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल केवल प्रतिस्पर्धा नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण, आत्मविश्वास, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता के विकास का माध्यम हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से पूरे उत्साह और आत्मविश्वास के साथ खेलते हुए अपनी श्रेष्ठ क्षमता का प्रदर्शन करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आज मैदान में अपनी प्रतिभा दिखा रहीं इन्हीं खिलाड़ियों में से अनेक भविष्य में डीएवी राष्ट्रीय खेलों तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी। मुख्य अतिथि श्री एम. एस. प्रसाद ने खिलाड़ियों को प्रेरित करते हुए कहा कि राज्य स्तरीय प्रतियोगिता का उद्देश्य केवल पदक जीतना ही नहीं, बल्कि अपनी क्षमता, दृढ़ता, चरित्र और अनुशासन को निखारना भी है। उन्होंने खिलाड़ियों को जीत में विनम्रता और पराजय में गरिमा बनाए रखने का संदेश देते हुए कहा—“ऊँचे सपने देखो, परिश्रम करो और कभी हार मत मानो।” उन्होंने शिक्षा के साथ खेलों के विकास के लिए प्राचार्य एवं विद्यालय के शिक्षकों के प्रयासों की सराहना की।
पहले दिन डीएवी बबराला की खिलाड़ियों ने तीनों प्रमुख मुकाबलों में शानदार प्रदर्शन कर अपनी मजबूत दावेदारी पेश की। फुटबॉल में 3–0 की जीत के साथ फाइनल में प्रवेश, बास्केटबॉल में 21–0 की एकतरफा जीत और नेटबॉल में 14–5 से खिताबी विजय ने मेजबान विद्यालय की खेल प्रतिभा और तैयारियों को साबित कर दिया। लगातार मिली जीत से विद्यालय परिसर में उत्साह और उल्लास का माहौल बना रहा। खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन ने प्रतियोगिता के आगामी मुकाबलों के लिए भी रोमांच बढ़ा दिया है। डीएवी स्पोर्ट्स–2026 का पहला दिन मेजबान डीएवी बबराला के नाम रहा।