-
☰
उत्तर प्रदेश: सम्भल कलक्ट्रेट में गांधी-शास्त्री जयंती की गूंज, डीएम ने महापुरुषों के आदर्शों को अपनाने का किया आह्वान
- Photo by : social media
संक्षेप
उत्तर प्रदेश: सम्भल कलक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी अंकित खण्डेलवाल की अध्यक्षता में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती मनाई गई।
विस्तार
उत्तर प्रदेश: सम्भल कलक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी अंकित खण्डेलवाल की अध्यक्षता में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती मनाई गई। कार्यक्रम की शुरुआत जिलाधिकारी ने दोनों महापुरुषों के चित्रों पर दीप प्रज्ज्वलित कर एवं पुष्प अर्पित कर की। इस अवसर पर जिलाधिकारी अंकित खण्डेलवाल ने कहा कि महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के जीवन, विचारों और सिद्धांतों से प्रेरणा लेकर उन्हें अपने जीवन में अपनाने का प्रयास करना चाहिए। उन्होंने महात्मा गांधी के ‘जंतर’ का उल्लेख करते हुए कहा कि किसी भी निर्णय के समय समाज के सबसे कमजोर व्यक्ति को ध्यान में रखते हुए उसके प्रभाव पर विचार किया जाना चाहिए। जिलाधिकारी ने पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के ‘जय जवान, जय किसान’ के संदेश को याद करते हुए देश के प्रति उनके योगदान को रेखांकित किया। उन्होंने युवाओं से महापुरुषों के जीवन और संघर्ष को पढ़ने तथा उनके विचारों से प्रेरणा लेने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान रामधुन एवं देशभक्ति गीतों की प्रस्तुति भी दी गई। उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों ने दोनों महापुरुषों के आदर्शों एवं सिद्धांतों को याद करते हुए उनके विचारों को जीवन में अपनाने का संदेश दिया। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी गोरखनाथ भट्ट, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व सत्यप्रिय सिंह, नगर मजिस्ट्रेट सुधीर कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।