-
☰
उत्तर प्रदेश: नवंबर में होगी पांवधोई नदी की सफाई, व्यापारियों की समस्याओं के समाधान पर नगर निगम का जोर
- Photo by : social media
संक्षेप
उत्तर प्रदेश: सहारनपुर नगर निगम सहारनपुर में व्यापारियों और उद्यमियों की समस्याओं के समाधान को लेकर व्यापार बंधु एवं उद्योग बंधु की अलग-अलग बैठकें आयोजित की गईं।
विस्तार
उत्तर प्रदेश: सहारनपुर नगर निगम सहारनपुर में व्यापारियों और उद्यमियों की समस्याओं के समाधान को लेकर व्यापार बंधु एवं उद्योग बंधु की अलग-अलग बैठकें आयोजित की गईं। शाकुंभरी सभागार में अपर नगरायुक्त सूरज कुमार यादव की अध्यक्षता में हुई बैठकों में सफाई, जल निकासी, स्ट्रीट लाइट, सड़क निर्माण और अतिक्रमण सहित कई मुद्दों पर चर्चा हुई। नगर निगम ने पांवधोई नदी की सफाई नवंबर में कराने की जानकारी दी। बैठक में बताया गया कि पहले ढमोला नदी की सफाई का काम पूरा कराया जाएगा, इसके बाद पांवधोई नदी की सफाई की जाएगी। विशेष संचारी रोग अभियान के तहत प्रतिदिन 14 वार्डों में सफाई, चूने का छिड़काव, फॉगिंग और एंटीलार्वा दवा का छिड़काव किया जा रहा है। जलभराव की समस्या वाले बाहरी क्षेत्रों के 22 वार्डों में भी दो वाहनों के माध्यम से एंटीलार्वा का छिड़काव कराया जा रहा है। बैठक में धोबीघाट के पास दसवां घाट पर महिलाओं के लिए शौचालय और स्नानागार का निर्माण जल्द शुरू कराने का मुद्दा भी सामने आया। इसके अलावा डीएम आवास रोड और देहरादून रोड पर खराब स्ट्रीट लाइट, पार्कों की सफाई, सीएम ग्रिड सड़कों के फुटपाथों की स्थिति और अंबाला रोड व घंटाघर पर बसों के कारण लगने वाले जाम की समस्या पर चर्चा की गई। उद्योग बंधु की बैठक में विभिन्न क्षेत्रों में सड़क और नाली निर्माण कार्यों की स्थिति की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि आरती प्रिंटर्स से सुपर पेंट तथा अंबे इंडस्ट्रीज से रोहित के मकान तक सड़क और नाली निर्माण का काम पूरा हो चुका है। वहीं, देहरादून रोड पर पंजाबी ढाबे से राजवाहे तक नाले की निकासी का कार्य शुरू कर दिया गया है। पांवधोई नदी के किनारे और सड़कों व फुटपाथों पर अतिक्रमण तथा शारदानगर पुल की खराब लाइट का मुद्दा भी उठाया गया। सहायक नगरायुक्त जे.पी. यादव ने व्यापारियों से एकमुश्त समाधान योजना (ओटीएस) के तहत अधिक से अधिक आवेदन करने की अपील की। उन्होंने बताया कि योजना के माध्यम से बकाया टैक्स पर ब्याज में पूरी छूट का लाभ लिया जा सकता है। बैठक में सहायक नगरायुक्त विकास धर दुबे, महाप्रबंधक जल पुरुषोत्तम कुमार, मुख्य अभियंता निर्माण सुरेंद्र प्रसाद मिश्र और नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. प्रवीण शाह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।