-
☰
उत्तर प्रदेश: 73 वर्षीय बुजुर्ग की सिर पर भारी वस्तु से वार कर हत्या का आरोप, भतीजा फरार
- Photo by : social media
संक्षेप
उत्तर प्रदेश: थाना रोजा क्षेत्र के हथौड़ा बुजुर्ग गांव में शुक्रवार शाम एक बुजुर्ग की संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या से सनसनी फैल गई। 73 वर्षीय रामसनेही पुत्र प्यारे लाल का शव घर के बाहर गली में खून से लथपथ हालत में मिला। घटना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। मृतक के भतीजे पर भारी वस्तु से सिर पर हमला कर हत्या करने का आरोप लगाया गया है।
विस्तार
उत्तर प्रदेश: थाना रोजा क्षेत्र के हथौड़ा बुजुर्ग गांव में शुक्रवार शाम एक बुजुर्ग की संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या से सनसनी फैल गई। 73 वर्षीय रामसनेही पुत्र प्यारे लाल का शव घर के बाहर गली में खून से लथपथ हालत में मिला। घटना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। मृतक के भतीजे पर भारी वस्तु से सिर पर हमला कर हत्या करने का आरोप लगाया गया है। जानकारी के मुताबिक, ग्रामीणों ने गली में रामसनेही का शव पड़ा देखा, जिसके बाद घटना की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक देवेंद्र कुमार, क्षेत्राधिकारी सदर और रोजा थाना प्रभारी निरीक्षक उमेश कुमार मिश्रा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के लोगों से जानकारी जुटाई। फोरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य एकत्र किए। ग्रामीणों के अनुसार, मृतक का भतीजा अरविंद पुत्र प्रभु कथित रूप से नशे का आदी है और वह अक्सर अपने चाचा से खर्च के लिए पैसे मांगता था। आरोप है कि शुक्रवार को किसी बात को लेकर विवाद के बाद अरविंद ने रामसनेही के सिर पर किसी भारी वस्तु से हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग की मौत हो गई और आरोपी मौके से फरार हो गया। हालांकि, हत्या के पीछे वास्तविक वजह क्या थी, इसकी अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं को खंगाला जा रहा है। अपर पुलिस अधीक्षक देवेंद्र कुमार ने बताया कि परिवार की ओर से तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज किया जाएगा। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमों का गठन किया गया है और उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है और पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस का कहना है कि जांच और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।