-
☰
राजस्थान: टोंक में सेवा सेतु अभियान से आमजन को मिल रहा योजनाओं का लाभ, मौके पर हो रहा समस्याओं का समाधान
- Photo by : social media
विस्तार
राजस्थान: टोंक में नगर परिषद की ओर से अग्निशमन केंद्र में आयोजित शहरी सेवा सेतु अभियान-2026 के तहत आमजन को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है। अभियान के माध्यम से लंबित और नए आवेदनों का निस्तारण कर नागरिकों की समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया जा रहा है। इससे लोगों को सरकारी कार्यालयों के बार-बार चक्कर लगाने से राहत मिल रही है। नगर परिषद आयुक्त धर्मपाल जाट के अनुसार, 9 अक्टूबर को अभियान के तहत स्टेट ग्रांट एक्ट के अंतर्गत 2 पट्टे और कृषि भूमि नियमन के तहत 20 पट्टे जारी किए गए। वहीं, धारा 69-ए के तहत एक आवेदन प्राप्त हुआ और एक पट्टा जारी किया गया। इसके अलावा नाम हस्तांतरण के लिए एक आवेदन प्राप्त हुआ, जबकि 6 नाम हस्तांतरण जारी किए गए। प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत 9 नए आवेदन प्राप्त हुए। वहीं, बैंक की ओर से 15 हजार रुपये के प्रथम ऋण के रूप में 3 लाभार्थियों को राशि वितरित की गई। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत अब तक 852 लाभार्थियों को पहली किस्त, 154 लाभार्थियों को दूसरी किस्त और 36 लाभार्थियों को तीसरी किस्त जारी की जा चुकी है। नगर परिषद ने आमजन से अपील की है कि वे सेवा सेतु अभियान-2026 में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाएं। शिविर में नगर परिषद सचिव सीमा चौधरी, राजस्व अधिकारी संगीता जैन और विष्णु यादव, राजस्व निरीक्षक सौरभ गर्ग सहित नगर परिषद के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।