-
☰
हरियाणा: खुले में सेफ्टी टैंक का मलबा डालने पर ट्रैक्टर संचालक का 5 हजार रुपये का चालान
- Photo by : social media
संक्षेप
हरियाणा: हिसार शहर में स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नगर निगम की ओर से कार्रवाई जारी है।
विस्तार
हरियाणा: हिसार शहर में स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नगर निगम की ओर से कार्रवाई जारी है। इसी अभियान के तहत नगर निगम की टीम ने कैंट क्षेत्र के पास खुले में सेफ्टी टैंक का मलबा और गंदगी डालते हुए एक ट्रैक्टर को पकड़ा। निगम की टीम ने संबंधित संचालक के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 5 हजार रुपये का चालान काटा। नगर निगमायुक्त सी. जयाश्रद्धा के निर्देश पर शहर के विभिन्न क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था की नियमित निगरानी और निरीक्षण किया जा रहा है। इसी दौरान निगम की टीम को कैंट क्षेत्र के पास खुले में मलबा डालने की सूचना मिली, जिसके बाद मौके पर पहुंचकर ट्रैक्टर सेफ्टी टैंक संचालक को पकड़ा गया। नगर निगम की टीम में शामिल एएसआई सन्नी ने स्वच्छता नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित संचालक का 5,000 रुपये का चालान किया। निगम अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि खुले में मलबा, गंदगी या कचरा डालने से शहर की स्वच्छता व्यवस्था प्रभावित होती है और पर्यावरण पर भी इसका प्रतिकूल असर पड़ता है। नगर निगम प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे कचरे और मलबे का उचित स्थान पर ही निस्तारण करें। अधिकारियों ने कहा कि शहर को स्वच्छ बनाए रखने के लिए नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।