-
☰
हरियाणा: SP विनोद कुमार का सख्त एक्शन, अपराध नियंत्रण को लेकर पुलिस अधिकारियों को दिए कड़े निर्देश
- Photo by : social media
संक्षेप
हरियाणा: हांसी पुलिस अधीक्षक (SP) विनोद कुमार (IPS) ने सोमवार, 5 अक्टूबर को अपने कार्यालय में पुलिस अधिकारियों के साथ क्राइम मीटिंग कर जिले की कानून-व्यवस्था और अपराध नियंत्रण की स्थिति की समीक्षा की।
विस्तार
हरियाणा: हांसी पुलिस अधीक्षक (SP) विनोद कुमार (IPS) ने सोमवार, 5 अक्टूबर को अपने कार्यालय में पुलिस अधिकारियों के साथ क्राइम मीटिंग कर जिले की कानून-व्यवस्था और अपराध नियंत्रण की स्थिति की समीक्षा की। बैठक में अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने, पुलिस की मौजूदगी बढ़ाने और आमजन की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने को लेकर अधिकारियों को कई महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए गए। एसपी ने क्षेत्र में पुलिस की प्रभावी मौजूदगी सुनिश्चित करने के लिए पैदल गश्त बढ़ाने के साथ राइडर और पीसीआर की गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए। खासतौर पर भीड़भाड़ वाले और संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित निगरानी रखने तथा संदिग्ध गतिविधियों पर तत्काल कार्रवाई करने को कहा गया। बैठक में प्रमुख सड़कों और संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी कैमरों का कवरेज बढ़ाने पर भी जोर दिया गया। एसपी ने अधिकारियों को ऐसे स्थानों को चिह्नित करने के निर्देश दिए, जहां अतिरिक्त कैमरों की जरूरत है, ताकि आपराधिक घटनाओं की निगरानी और जांच में मदद मिल सके। यातायात व्यवस्था को लेकर भी सख्ती के निर्देश जारी किए गए। बिना नंबर प्लेट वाले वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करने तथा सड़क किनारे लंबे समय तक खड़े रहने वाले ट्रकों और भारी वाहनों पर भी निगरानी रखने को कहा गया। इसका उद्देश्य यातायात बाधित होने और दुर्घटनाओं की आशंका को कम करना है। एसपी ने सभी थाना प्रभारियों और चौकी इंचार्जों को अपने-अपने क्षेत्रों में होटल, पीजी और अन्य महत्वपूर्ण स्थानों की नियमित एवं औचक चेकिंग करने के निर्देश दिए। साथ ही नशा तस्करों के खिलाफ लगातार अभियान चलाने और सक्रिय हार्डकोर अपराधियों की गतिविधियों पर निगरानी बढ़ाने को कहा गया। एसपी विनोद कुमार ने अधिकारियों से कहा कि अपराध नियंत्रण, नशे के खिलाफ कार्रवाई, प्रभावी गश्त और आमजन की सुरक्षा पुलिस की प्राथमिकता है। किसी भी आपराधिक गतिविधि की सूचना मिलने पर तत्काल और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। क्राइम मीटिंग में डीएसपी विनोद शंकर, डीएसपी रविन्द्र सांगवान, डीएसपी दिनेश कुमार, डीएसपी नारनौंद देवेंद्र नैन सहित सभी थाना प्रभारी, चौकी इंचार्ज और विभिन्न यूनिटों के प्रभारी मौजूद रहे।