-
☰
हरियाणा: भिवानी में विधवा महिलाओं की समस्याओं पर CJM सख्त, पेंशन और लोन में मदद के निर्देश
- Photo by : social media
संक्षेप
हरियाणा: भिवानी विधवा महिलाओं को सरकारी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने और उनकी समस्याओं का समय पर समाधान सुनिश्चित करने के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (DLSA) के सचिव एवं मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी पवन कुमार की अध्यक्षता में बुधवार, 14 अक्टूबर को विडो सेल की मासिक ऑनलाइन समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारियों को महिलाओं के हित में आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए गए।
विस्तार
हरियाणा: भिवानी विधवा महिलाओं को सरकारी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने और उनकी समस्याओं का समय पर समाधान सुनिश्चित करने के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (DLSA) के सचिव एवं मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी पवन कुमार की अध्यक्षता में बुधवार, 14 अक्टूबर को विडो सेल की मासिक ऑनलाइन समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारियों को महिलाओं के हित में आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए गए। बैठक के दौरान सीजेएम ने कहा कि यदि किसी विधवा महिला या उसके बच्चे के पेंशन आवेदन में कोई कमी मिलती है, तो आवेदन को सीधे खारिज करने के बजाय संबंधित महिला से फोन पर संपर्क किया जाए। उसे दस्तावेजों में सुधार करने का अवसर दिया जाए, ताकि पात्र लाभार्थियों को पेंशन प्राप्त करने में अनावश्यक परेशानी न हो। महिलाओं की शिकायतों को सुगमता से दर्ज करने और उनके निस्तारण के लिए वन स्टॉप सेंटर में विशेष हेल्प डेस्क स्थापित करने के निर्देश भी दिए गए। इसके अलावा महिला एवं बाल विकास विभाग को आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता अभियान चलाने और विधवा महिलाओं को उनके अधिकारों तथा सरकारी योजनाओं की जानकारी देने को कहा गया। सीजेएम ने महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने पर भी जोर दिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि जरूरतमंद विधवा महिलाओं को बैंकों के माध्यम से ऋण प्राप्त करने की प्रक्रिया में आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जाए, ताकि वे स्वरोजगार के अवसर तलाश सकें। पवन कुमार ने कहा कि विधवा सेल का उद्देश्य महिलाओं की समस्याओं का समाधान करना और उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने में आने वाली बाधाओं को दूर करना है। बैठक में पुलिस, स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास, समाज कल्याण विभाग तथा एसडीएम कार्यालय सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी शामिल हुए।