-
☰
हरियाणा: अग्रोहा में डॉक्टर के बंद मकान में चोरी का खुलासा, आरोपी गिरफ्तार, सामान हुआ बरामद
- Photo by : social media
संक्षेप
हरियाणा: हिसार अग्रोहा थाना पुलिस ने डॉक्टर के बंद मकान का ताला तोड़कर चोरी करने के मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी की गई एप्पल स्मार्टवॉच, वनप्लस मोबाइल फोन, गैस सिलेंडर और इंडक्शन चूल्हा बरामद कर लिया है।
विस्तार
हरियाणा: हिसार अग्रोहा थाना पुलिस ने डॉक्टर के बंद मकान का ताला तोड़कर चोरी करने के मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी की गई एप्पल स्मार्टवॉच, वनप्लस मोबाइल फोन, गैस सिलेंडर और इंडक्शन चूल्हा बरामद कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मीरपुर, जिला हिसार निवासी अंकुश पुत्र पूर्णचंद के रूप में हुई है। पुलिस कार्रवाई के बाद आरोपी को अदालत के आदेश पर जिला जेल हिसार भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार, एमएएमसी अग्रोहा में मेडिकल ऑफिसर डॉ. मयंक चौहान, जो वर्तमान में अग्रोहा की हेतराम कॉलोनी में किराये पर रहते हैं, ने मकान में चोरी की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि अज्ञात चोर उनके मकान का ताला तोड़कर अंदर घुसे और अलमारी से एप्पल स्मार्टवॉच, वनप्लस मोबाइल फोन तथा करीब 10 हजार रुपये नकद चोरी कर ले गए। इसके अलावा, रसोई से इंडेन गैस सिलेंडर और इंडक्शन चूल्हा भी चोरी किया गया था। मामले की जांच एएसआई विनोद कुमार को सौंपी गई। पुलिस टीम ने जांच के दौरान साक्ष्य जुटाए और आरोपी अंकुश की संलिप्तता सामने आने पर उसे गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद पुलिस ने अदालत से आरोपी का एक दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया, ताकि चोरी के सामान की बरामदगी की जा सके। पुलिस के मुताबिक, रिमांड के दौरान पूछताछ में आरोपी की निशानदेही पर गांव मीरपुर स्थित उसकी ढाणी से काले रंग की एप्पल स्मार्टवॉच, वनप्लस स्मार्टफोन, इंडेन गैस सिलेंडर और बजाज इंडक्शन चूल्हा बरामद किया गया। पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जिला जेल हिसार भेज दिया गया। यह कार्रवाई जिला पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन के मार्गदर्शन में की गई। पुलिस ने कहा कि जिले में चोरी सहित अन्य अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए अभियान जारी है और अपराध में संलिप्त लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।