-
☰
हरियाणा: हिसार में चोरी की वारदातों पर अंकुश लगाने वाले 13 पुलिसकर्मी हुए सम्मानित
- Photo by : social media
विस्तार
हरियाणा: हिसार अपराध नियंत्रण और चोरी की वारदातों को सुलझाने में सराहनीय कार्य करने वाले 13 पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पुलिस अधीक्षक सिद्धान्त जैन, आईपीएस ने सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया। सोमवार, 12 अक्टूबर को आयोजित इस सम्मान कार्यक्रम में 12 क्वार्टर पुलिस चौकी के आठ पुलिसकर्मी भी शामिल रहे, जिन्होंने चोरी की घटनाओं का खुलासा करने और उनकी रोकथाम में प्रभावी भूमिका निभाई। पुलिस अधीक्षक सिद्धान्त जैन ने सम्मानित पुलिसकर्मियों के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि अपराध नियंत्रण, चोरी की वारदातों का खुलासा और आमजन की संपत्ति की सुरक्षा पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारियां हैं। उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मियों की सतर्कता, कर्तव्यनिष्ठा और समय पर की गई प्रभावी कार्रवाई से अपराधियों पर अंकुश लगाने में मदद मिलती है। इससे आमजन में सुरक्षा की भावना भी मजबूत होती है। एसपी ने कहा कि सराहनीय कार्य करने वाले पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सम्मानित करने का उद्देश्य उनका मनोबल बढ़ाना और अन्य पुलिसकर्मियों को भी बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करना है। उन्होंने पुलिसकर्मियों से पूरी निष्ठा, ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ ड्यूटी निभाने तथा अपराधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई जारी रखने का आह्वान किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि अपराध नियंत्रण और नागरिकों की सुरक्षा के लिए उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों को भविष्य में भी प्रोत्साहित किया जाएगा। हिसार पुलिस चोरी सहित अन्य आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने और जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है।