-
☰
बिहार: कटिहार में टोटो और बाइक की हुई आमने-सामने की टक्कर, दो युवकों की हुई मौत
- Photo by : social media
विस्तार
बिहार: बिहार के कटिहार जिले के अमदाबाद प्रखंड अंतर्गत लखनपुर पंचायत के रघुनाथपुर ढाला के पास रविवार को टोटो और मोटरसाइकिल की आमने-सामने टक्कर में दो युवकों की मौत हो गई। हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने महानंदा बांध पर बनी सड़क को जाम कर दिया। पुलिस के समझाने के बाद करीब तीन घंटे बाद जाम हटाया गया और आवागमन बहाल हुआ। मृतकों की पहचान अमदाबाद प्रखंड के डकरा गांव निवासी मनोज यादव (35), पिता सिकंदर यादव, और अनिल यादव (25), पिता मदन यादव के रूप में हुई है। हादसे की खबर मिलते ही दोनों परिवारों में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। जानकारी के अनुसार, रविवार को रघुनाथपुर ढाला के समीप महानंदा बांध पर बनी सड़क पर टोटो और बाइक के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। दुर्घटना में बाइक सवार दोनों युवकों की मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। दो युवकों की मौत से नाराज ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दुर्घटना के लिए जिम्मेदार चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। जाम के कारण सड़क पर आवागमन बाधित रहा और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। करीब तीन घंटे बाद ग्रामीणों ने जाम हटा दिया। अमदाबाद थानाध्यक्ष राजन कुमार ने बताया कि पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को कब्जे में ले लिया है और दुर्घटना में शामिल टोटो चालक को हिरासत में लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया भी की जा रही है। हादसे के कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।