-
☰
गुजरात: दिवाली से पहले डीसा में खाद्य विभाग की कार्रवाई, 188 लीटर संदिग्ध घी किया गया जब्त
- Photo by : social media
संक्षेप
गुजरात: बनासकांठा दिवाली के त्योहार से पहले खाद्य पदार्थों में मिलावट पर रोक लगाने के लिए खाद्य एवं औषधि नियामक विभाग की ओर से जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत विभाग की टीम ने गुजरात के बनासकांठा जिले के डीसा में कार्रवाई करते हुए बिना वैध लाइसेंस के गोदाम में रखा 188 लीटर संदिग्ध घी जब्त किया है।
विस्तार
गुजरात: बनासकांठा दिवाली के त्योहार से पहले खाद्य पदार्थों में मिलावट पर रोक लगाने के लिए खाद्य एवं औषधि नियामक विभाग की ओर से जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत विभाग की टीम ने गुजरात के बनासकांठा जिले के डीसा में कार्रवाई करते हुए बिना वैध लाइसेंस के गोदाम में रखा 188 लीटर संदिग्ध घी जब्त किया है। जब्त घी की बाजार कीमत करीब 1.22 लाख रुपये बताई गई है। जानकारी के अनुसार, विभाग की टीम ने डीसा के रिसाला बाजार स्थित शांति अपार्टमेंट के नीचे संचालित मैसर्स सवाई मिल्क प्रोडक्ट्स के गोदाम पर अचानक जांच की। यहां फर्म के मालिक विपुलभाई जयंतिलाल पंचीवाला के गोदाम में बिना वैध लाइसेंस या परमिट के घी का भंडार मिला। घी की गुणवत्ता संदिग्ध पाए जाने पर अधिकारियों ने खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत कार्रवाई करते हुए 'हेल्थ प्रीमियम प्योर घी' के 500 मिलीलीटर पैक से नियमानुसार नमूना लिया। नमूने को जांच के लिए सरकारी प्रयोगशाला में फूड एनालिस्ट के पास भेजा गया है। इसकी रिपोर्ट आने के बाद घी की गुणवत्ता के संबंध में स्थिति स्पष्ट होगी। विभागीय टीम ने नमूना लेने के बाद गोदाम से कुल 188 लीटर संदिग्ध घी जब्त कर लिया। मामले में संबंधित फर्म के मालिक के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के प्रावधानों के तहत कानूनी कार्रवाई शुरू की गई है। दिवाली के मद्देनजर खाद्य विभाग की इस कार्रवाई को मिलावट पर अंकुश लगाने के अभियान का हिस्सा बताया गया है। घी की गुणवत्ता को लेकर अंतिम निष्कर्ष प्रयोगशाला की जांच रिपोर्ट आने के बाद ही सामने आएगा।